]> नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया विजयदशमी पर्व, परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने दिया बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश
झाकड़ी। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में विजयदशमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माँ दुर्गा की विदाई से पहले सिंदूर उत्सव आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं ने माँ दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर एक-दूसरे को सिंदूर लगाया तथा सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की।

सिंदूर उत्सव के उपरांत ढोल-नगाड़ों और माँ दुर्गा के जयकारों के बीच प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया। इस दौरान परियोजना प्रमुख राजीव कपूर अपनी धर्मपत्नी सहित स्टेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के साथ उपस्थित रहे। सभी ने माँ दुर्गा से परियोजना की निरंतर प्रगति, समृद्धि और सभी के सुख-कल्याण की प्रार्थना की।
रावण दहन के साथ दिया सत्य और धर्म का संदेश
सायंकाल आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि विजयदशमी का पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की विजय की याद दिलाता है।

नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन परिसर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।















