]> 18 से 35 वर्ष तक के युवा कर सकते हैं आवेदन, मार्शल आर्ट और खेल प्रशिक्षण से जुड़े अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
शिमला। सरकारी स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए प्रशिक्षकों की आवश्यकता है। समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के तहत संचालित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए जिला शिमला में प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शास्त्रांग इंडियन मॉडर्न मार्शल आर्ट (SIMMA) के माध्यम से संचालित किया जा रहा है।
जिला रोजगार अधिकारी शिमला प्रवीन नगराईक ने बताया कि कार्यक्रम के तहत जिला के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक, उच्च और माध्यमिक विद्यालयों में छात्राओं को 36 घंटे का आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाना है। इसके लिए 18 से 35 वर्ष की आयु के इच्छुक और योग्य युवाओं का चयन किया जाएगा।
चयनित प्रशिक्षकों को पहले तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला में भाग लेना होगा। इसके बाद उन्हें आवश्यक रिफ्रेशर प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
जिला शिमला में करीब 616 सरकारी विद्यालयों में इस कार्यक्रम के संचालन की संभावना है। ऐसे में बड़ी संख्या में प्रशिक्षकों की आवश्यकता होगी। मार्शल आर्ट, आत्मरक्षा, खेल गतिविधियों अथवा प्रशिक्षण के क्षेत्र में रुचि और अनुभव रखने वाले युवा इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी भर्ती एवं प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9988874789 मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने योग्य युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति सक्षम बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया है।















