]> स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता किट, पेयजल कैंपर और सूखे-गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबीन किए वितरित
रामपुर। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 23 सितंबर को तलाई एवं बद्राश में एनएच-05 के किनारे संचालित स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए “स्वच्छ फूड स्ट्रीट” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
परियोजना प्रमुख रामपुर एचपीएस ई. विकास मारवाह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें स्वच्छता किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री के साथ स्वच्छ पेयजल के लिए कैंपर उपलब्ध करवाए गए। इसके अलावा सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण एवं उचित प्रबंधन के लिए अलग-अलग डस्टबीन भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और आमजन में स्वच्छता, स्वच्छ खाद्य पदार्थों, व्यक्तिगत स्वच्छता, आसपास की सफाई तथा कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इसके माध्यम से क्षेत्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ खाद्य वातावरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने स्थानीय स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और आमजन से सूखे एवं गीले कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही स्वच्छता के क्षेत्र में स्थायी एवं दृश्यमान परिवर्तन लाया जा सकता है।















