]> एथलेटिक्स में रामपुर एचपीएस पुरुष वर्ग और कॉर्पोरेट मुख्यालय शिमला महिला वर्ग में रहा अव्वल, बैडमिंटन में दोनों वर्गों में कॉर्पोरेट मुख्यालय ने मारी बाजी
बायल। एसजेवीएन के तत्वावधान में रामपुर एचपीएस में आयोजित दो दिवसीय इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट 2026-27 का उत्साहपूर्ण माहौल और खेल भावना के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं एवं कॉर्पोरेट मुख्यालय की टीमों ने भाग लेकर एथलेटिक्स और बैडमिंटन की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में रामपुर एचपीएस के विभागाध्यक्ष (पीएसआईटीसी) रोशन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को बधाई देते हुए प्रतिभागियों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल कर्मचारियों के बीच टीम भावना, आपसी सहयोग और सौहार्द को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने परियोजना प्रमुख विकास मारवाह तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने भी सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
एथलेटिक्स में रामपुर एचपीएस और कॉर्पोरेट मुख्यालय का दबदबा
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप कॉर्पोरेट मुख्यालय, शिमला ने अपने नाम की, जबकि पुरुष वर्ग में रामपुर एचपीएस विजेता रहा। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रियंका बंसल (सीएचक्यू), 200 मीटर में रचिता (एनजेएचपीएस), 400 मीटर में अंकिता कुमारी (एलएचईपी) और 800 मीटर दौड़ में रमा (एनजेएचपीएस) ने प्रथम स्थान हासिल किया।
पुरुष वर्ग में धीरज शर्मा (आरएचपीएस) ने 100 और 400 मीटर दौड़ में, रिकी चौहान (सीएचक्यू) ने 200 मीटर तथा शुभम बंसल (एनजेएचपीएस) ने 800 और 1500 मीटर दौड़ में बाजी मारी। 4×100 मीटर रिले दौड़ में महिला वर्ग में एनजेएचपीएस और पुरुष वर्ग में आरएचपीएस की टीम विजेता रही।
फील्ड इवेंट्स और बैडमिंटन में भी खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल
शॉट पुट और डिस्कस थ्रो की महिला स्पर्धाओं में प्रियंका बंसल (सीएचक्यू) ने दोनों खिताब जीते। पुरुष वर्ग में शॉट पुट में सुरेश कुमार (सीएचक्यू) और डिस्कस थ्रो में अक्षय (आरएचपीएस) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद और ऊंची कूद में महिला वर्ग की दोनों स्पर्धाओं में स्मृति दत्ता (सीएचक्यू) विजेता रहीं, जबकि पुरुष वर्ग की लंबी कूद में रिकी चौहान (सीएचक्यू) और ऊंची कूद में करण (एनजेएचपीएस) ने पहला स्थान हासिल किया।
बैडमिंटन की महिला एवं पुरुष टीम स्पर्धाओं में कॉर्पोरेट मुख्यालय, शिमला ने विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रियंका बंसल (सीएचक्यू) और पुरुष वर्ग में संजू कुमार (एनजेएचपीएस) को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया।
दो दिवसीय खेल आयोजन ने एसजेवीएन की विभिन्न परियोजनाओं के कर्मचारियों को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल, सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा दिया। साथ ही इस आयोजन से एसजेवीएन परिवार की एकजुटता और सामूहिक भावना को भी नई मजबूती मिली।















