]> उत्पादन दक्षता, अनुरक्षण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; अधिकारियों को संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश
झाकड़ी। एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने 6 सितंबर को कंपनी के 1500 मेगावाट क्षमता वाले नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन का दौरा कर परियोजना की उत्पादन एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्युत उत्पादन की स्थिति, संयंत्र की दक्षता, अनुरक्षण गतिविधियों और सुरक्षा मानकों का व्यापक जायजा लिया।
परियोजना में पहुंचने पर परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने निदेशक (परियोजनाएं) का पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाज से स्वागत किया। इस अवसर पर परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान चंदेल ने पावर हाउस, नियंत्रण कक्ष सहित हाइड्रो प्लांट के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र के संचालन, विद्युत उत्पादन, मशीनों की उपलब्धता तथा अनुरक्षण व्यवस्था की जानकारी ली और परियोजना की वर्तमान परिचालन स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने निदेशक (परियोजनाएं) को विद्युत उत्पादन की मौजूदा स्थिति, मशीनों की उपलब्धता, अनुरक्षण कार्यों तथा तकनीकी एवं परिचालन पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। बैठक के दौरान परियोजना के सुचारू संचालन, उपलब्ध उत्पादन क्षमता के प्रभावी उपयोग और आगामी अवधि की कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने सुरक्षित एवं विश्वसनीय विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन एसजेवीएन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में इसकी अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि जल विद्युत परियोजनाओं में विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सुरक्षा, परिचालन दक्षता और उपकरणों की विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए उत्पादन क्षमता और दक्षता को लगातार बनाए रखने तथा अनुरक्षण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान चंदेल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पौधारोपण भी किया। इसके अलावा उन्होंने चंभु देवता महाराज मंदिर में दर्शन कर परियोजना की सफलता एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।















