• Home
  • हिमाचल
  • शिमला में 29 नवंबर को प्राकृतिक खेती एवं रसायन-मुक्त कृषि पर राज्यस्तरीय सम्मेलन
Image

शिमला में 29 नवंबर को प्राकृतिक खेती एवं रसायन-मुक्त कृषि पर राज्यस्तरीय सम्मेलन

]> हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल होंगे मुख्य अतिथि, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत करेंगे किसानों का मार्गदर्शन

शिमला। साई इंटरनल फाउंडेशन, शिमला की ओर से 29 नवंबर, 2026 को प्राकृतिक खेती एवं रसायन-मुक्त कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन रविवार को प्रातः 10 बजे सत्य साईं कॉम्प्लेक्स, आनंद विलास, पुजारली, शिमला में आयोजित होगा।

सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। प्राकृतिक खेती के प्रबल समर्थक एवं गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत विशेष अतिथि तथा मुख्य वक्ता के रूप में किसानों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना, रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम करने के लिए प्रेरित करना तथा कृषि उत्पादन लागत घटाने के उपायों पर चर्चा करना है। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

राज्यस्तरीय सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसान, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, सरकारी विभागों के अधिकारी, पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।

प्राकृतिक खेती की प्रदर्शनी भी लगेगी

सम्मेलन के दौरान प्राकृतिक खेती से संबंधित कृषि प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें प्राकृतिक कृषि पद्धतियों, पारंपरिक एवं स्थानीय कृषि आदतों तथा रसायन-मुक्त कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। विशेषज्ञ किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने, खेतों में छोटे स्तर पर प्रयोग शुरू करने और अनुभवों के आधार पर इसका विस्तार करने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी देंगे।

सम्मेलन में मिट्टी की उर्वरता एवं जैव विविधता का संरक्षण, जल संसाधनों की सुरक्षा, प्राकृतिक कृषि आदतों का उपयोग, खेती की लागत में कमी, किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्राकृतिक उत्पादों के लिए विश्वसनीय बाजार व्यवस्था तथा किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्राकृतिक खेती से मजबूत होगी किसानों की आर्थिक स्थिति

साई इंटरनल फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य एवं निदेशक इंजीनियर राज कुमार वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और किसानों की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं। हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय राज्य में भूमि, जल, वन एवं जैव विविधता का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। प्राकृतिक खेती का विस्तार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती केवल कृषि पद्धति में बदलाव नहीं, बल्कि स्वस्थ मिट्टी, स्वस्थ अन्न, स्वस्थ समाज और समृद्ध किसान की दिशा में एक व्यापक जन-अभियान है। सम्मेलन के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन देकर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

साई इंटरनल फाउंडेशन ने प्रदेश के किसानों, कृषि एवं बागवानी विशेषज्ञों, पंचायत राज संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। संस्था का विश्वास है कि शासन, प्रशासन, कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के सामूहिक प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती को व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।

“स्वस्थ मिट्टी — स्वस्थ अन्न — समृद्ध किसान — सुरक्षित भविष्य”

साई इंटरनल फाउंडेशन कंपनी अधिनियम की धारा 8 के अंतर्गत स्थापित एक स्वावलंबी, गैर-लाभकारी संस्था है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, ग्रामीण उत्थान एवं पर्यावरण संरक्षण सहित जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय है। संस्था का मूल मंत्र “परोपकाराय इदं शरीरम्” है, जिसका भाव समाज एवं प्रकृति के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता है।

Releated Posts

गुरुद्वारा साहिब बणी मलावण में श्रद्धा से मनाया श्री गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व

]> कमलजीत सिंह व गुरमीत कौर ने गुरबाणी कीर्तन से श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का…

ByByadmin Nov 24, 2026

वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के राज्याध्यक्ष बने दिनेश कुमार

]> राज्यस्तरीय चुनाव में 177 मत हासिल कर पवन ठाकुर को 71 मतों से हराया, हंसराज महासचिव और…

ByByadmin Nov 22, 2026

रामपुर एचपीएस में इंटर-प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स मीट का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

]> एथलेटिक्स में रामपुर एचपीएस पुरुष वर्ग और कॉर्पोरेट मुख्यालय शिमला महिला वर्ग में रहा अव्वल, बैडमिंटन में…

ByByadmin Nov 18, 2026

रामपुर एचपीएस में एसजेवीएन की अंतर-परियोजना खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

]> एथलेटिक्स और बैडमिंटन में विभिन्न परियोजनाओं के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, राजीव कपूर ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन…

ByByadmin Nov 16, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top