]> सभी संचालित विद्युत परियोजनाओं से कुल 1 लाख मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का आंकड़ा पार, प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने टीमवर्क और तकनीकी दक्षता को दिया उपलब्धि का श्रेय
ऋषिकेश। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी स्थापना से अब तक सभी संचालित विद्युत परियोजनाओं से कुल 1 लाख मिलियन यूनिट (एमयू) बिजली उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि कंपनी की तकनीकी क्षमता, परिचालन दक्षता और निर्बाध एवं विश्वसनीय बिजली उत्पादन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि संचयी विद्युत उत्पादन का आंकड़ा 1 लाख मिलियन यूनिट तक पहुंचना संगठन के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह कंपनी की तकनीकी दक्षता, बेहतर परिचालन व्यवस्था और निरंतर विश्वसनीय बिजली उत्पादन के प्रयासों का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता टीएचडीसीआईएल परिवार के अधिकारियों, कर्मचारियों और पूरी टीम की अटूट प्रतिबद्धता, कड़ी मेहनत तथा सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। संगठन ने हमेशा जिम्मेदारी और समर्पण के साथ देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में योगदान दिया है।
गर्ग ने दोहराया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड देश के विद्युत क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्र की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस उपलब्धि को संगठन की सामूहिक कार्यक्षमता और भविष्य में ऊर्जा क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



















