Image

10 हजार रुपए की वैक्सीन बेटियों को नि:शुल्क …

धर्मशाला। राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला कांगड़ा में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम शनिवार को क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के काॅन्फ्रेंस हाॅल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने की।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं तथा आमजन से इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील की, ताकि जिले में अधिकतम लाभार्थियों तक टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को टीके के महत्व, प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधी जानकारी सरल एवं स्पष्ट रूप में मिल सके तथा किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो।

उपायुक्त ने बताया कि जिला कांगड़ा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 12,903 बालिकाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। शेष पात्र बालिकाओं का पंजीकरण भी शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 75 विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सामान्यतः यह वैक्सीन बाजार में लगभग 10 हजार रुपये की है, जबकि सरकार द्वारा इसे पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर, जो कैंसर से होने वाली मृत्यु का एक प्रमुख कारण है, की रोकथाम की दिशा में अत्यंत प्रभावी कदम है।

उपायुक्त ने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों तथा समुदाय के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे पात्र बालिकाओं का समय पर प्री-रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें और इस अभियान को सफल बनाएं। निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह जीवनरक्षक टीका निःशुल्क लगाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा आईजीएमसी शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसके साथ ही राज्यव्यापी कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक करोल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी आरके सूद, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अशोक कुमार, जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, आईएमए तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Releated Posts

दूध में मिलावट: आर्थिक अपराध नहीं नैतिक पतन की पराकाष्ठा

भारत आज गर्व से दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश होने का दावा करता है। वैश्विक दूध…

ByByadmin Feb 28, 2026

जांच के बाद मुफ्त ऑप्रेशन और वाहन सुविधा भी फ्री …

सुन्नी : तहसील कल्याण अधिकारी सुन्नी सतीश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया 3 मार्च 2026 को सिविल…

ByByadmin Feb 28, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top