]> रामपुर एचपीएस ने स्वास्थ्य जांच के साथ स्वच्छता कर्मियों को वितरित की पीपीई किट
बायल : विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार रामपुर एचपीएस द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 सितम्बर को परियोजना प्रमुख रामपुर एचपीएस ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर के अंतर्गत अनुबंधित स्वच्छता कर्मियों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का आयोजन आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर बुशहर तथा हेल्पएज इंडिया के सहयोग से किया गया। इस दौरान रामपुर एचपीएस एवं ग्राम पंचायत जगातखाना से आए स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा आयुर्वेदिक अस्पताल के सहयोग से कम्पलीट ब्लड प्रोफाइल टेस्ट भी करवाए गए।

स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण किट भी वितरित की गई। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने कहा कि सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का उद्देश्य सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, कल्याण एवं सम्मान को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षित कार्य-पद्धतियों, पीपीई एवं सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा उपलब्ध कल्याणकारी सुविधाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध करवाने के साथ उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्य के दौरान संभावित जोखिमों की रोकथाम और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित हितधारकों के बीच सहयोग एवं समन्वय को मजबूत करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में रामपुर एचपीएस, बायल के विभिन्न विभागाध्यक्षों सहित रामपुर एचपीएस के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















