]> कबड्डी में अस्किनी हाउस और वॉलीबॉल में इरावती हाउस ने हासिल किया प्रथम स्थान, विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
रामपुर। रामपुर एचपीएस द्वारा विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा (SHS) अभियान–2026” का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 सितंबर को परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह के नेतृत्व में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दत्तनगर में “स्वच्छ पाठशाला: यूथ फॉर स्वच्छता” के अंतर्गत अंतर-हाउस खेल-कूद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में छात्राओं के लिए कबड्डी तथा छात्रों के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के चार हाउस—इरावती, अस्किनी, विपाशा एवं शतुद्री—के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रा वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में अस्किनी हाउस ने प्रथम तथा विपाशा हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, छात्र वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में इरावती हाउस प्रथम तथा अस्किनी हाउस द्वितीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने खेल मैदान की स्वच्छता के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया और साफ-सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर ई. विकास मारवाह ने कहा कि “स्वच्छ पाठशाला: यूथ फॉर स्वच्छता” के माध्यम से विद्यालयों और युवाओं को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी यह आदत अपनाए कि वह स्वयं कचरा नहीं फैलाएगा और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकेगा, तो विद्यालय, गांव और समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ-साथ कचरा प्रबंधन को समझना भी आवश्यक है। यदि गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग किया जाए तो उसके पुनर्चक्रण और उचित निस्तारण में काफी सहायता मिलती है। रामपुर एचपीएस स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को इन गतिविधियों से जोड़कर उन्हें वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने का निरंतर प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दत्तनगर के विशिष्ट अतिथि रि. एएलडी (असम राइफल्स) महेंद्र शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दत्तनगर के प्रधानाचार्य राजेश परमार, शिक्षकगण, रामपुर एचपीएस बायल के विभिन्न विभागाध्यक्ष तथा सीएसआर प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















