]> प्राकृतिक खेती और आतमा परियोजना की योजनाओं की दी जानकारी, किसानों ने जताई रुचि
संघोई। कृषि विभाग द्वारा आतमा परियोजना के अंतर्गत संघोई पंचायत में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में किसानों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ आतमा परियोजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई।

गोष्ठी में कृषि विभाग की ओर से खंड तकनीकी प्रबंधक डॉ. रजनी वर्धन, सहायक तकनीकी प्रबंधक ललित कुमार तथा बृज भूषण उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, इसके लाभ तथा आतमा परियोजना के माध्यम से किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर पंचायत प्रधान मीना, उपप्रधान बाबू राम, विभिन्न वार्डों के चयनित वार्ड सदस्य तथा कृषक सलाहकार समिति कुनिहार के सदस्य दलीप कुमार भी मौजूद रहे।

किसान गोष्ठी के दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती को लेकर विशेष रुचि दिखाई। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से प्राकृतिक खेती से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली तथा भविष्य में प्राकृतिक खेती से जुड़ने के लिए अपनी सहमति व्यक्त की। विभाग की ओर से किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।














