]> सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत पांच विभागीय टीमों ने नुक्कड़ नाटक में लिया भाग, आईटीआई निरमंड के विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
रामपुर बुशहर। रामपुर जल विद्युत स्टेशन (रामपुर एचपीएस) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रही, जिसके माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति और नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इसी कड़ी में 30 अक्टूबर, 2026 को रामपुर एचपीएस में नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की पांच टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पीएचईएम विभाग की टीम ने प्रथम, पीएचएमएम विभाग की टीम ने द्वितीय तथा ओपीएच विभाग की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। अन्य प्रतिभागी टीमों को सहभागिता पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी टीमों ने अपने नाटकों के माध्यम से ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति का प्रभावशाली संदेश दिया।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन अवसर पर आईटीआई निरमंड के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता का विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रहा। विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के महत्व के साथ-साथ भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और समाज में नैतिक मूल्यों एवं सत्यनिष्ठा को स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण अपनाने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन ही एक सशक्त, समृद्ध और भ्रष्टाचार मुक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सप्ताह भर आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों में सतर्कता, नैतिकता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ईमानदारी पर आधारित कार्यसंस्कृति को मजबूत करना रहा।














