]> ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को राजीव कपूर ने किया सम्मानित, विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना
झाकड़ी। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर, 2026 तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन समारोह परियोजना प्रमुख राजीव कपूर की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
केंद्रीय सतर्कता आयोग एवं निगम सतर्कता विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रही। इसके तहत लोगों में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, भाषण, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, परियोजना कर्मियों तथा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने विद्यार्थियों की पेंटिंग, पोस्टर और भाषण प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से इस वर्ष की थीम को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल एक आदर्श या विचार नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्य ही किसी सशक्त संस्थान और समृद्ध समाज की वास्तविक नींव हैं।
उन्होंने युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों एवं ईमानदारी के संस्कार विकसित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहपूर्ण योगदान के लिए बधाई दी। साथ ही महिलाओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक रंगोलियों की भी सराहना की।
समारोह के अंत में विभिन्न विद्यालयों के विजेता प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।














