• Home
  • हिमाचल
  • राज्यपाल ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए
Image

राज्यपाल ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए

शिमला : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज लोक भवन में गैर-सरकारी संगठन एक्ट ह्यूमेन द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित कृत्रिम अंग वितरण शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 15 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग प्रदान किए गए, जिससे उन्हें पुनः शारीरिक गतिशीलता प्राप्त होगी और वे अधिक आत्मनिर्भर जीवन जी सकेंगे।

विभिन्न आयु वर्ग के ये लाभार्थी ऊना, कांगड़ा, रोहड़ू, शिमला और सिरमौर जिलों से इस शिविर में पहुंचे थे। कृत्रिम अंगों का वितरण 4 जून को राज्य रेड क्रॉस भवन में एक्ट ह्यूमेन द्वारा आयोजित पंजीकरण एवं मूल्यांकन शिविर के आधार पर किया गया, जिसमें पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया गया था।

लाभार्थियों से संवाद करते हुए राज्यपाल ने उन्हें जीवन की चुनौतियों का साहस और आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कई बार अप्रत्याशित परिस्थितियां और दुर्घटनाएं लोगों से चलने-फिरने या दैनिक कार्य करने की क्षमता छीन लेती हैं, लेकिन इस प्रकार की संवेदनशील पहल न केवल उनकी शारीरिक गतिशीलता लौटाती है, बल्कि उनके आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और जीवन में नई आशा का भी संचार करती है।

राज्यपाल ने एक्ट ह्यूमेन की समर्पित मानवीय सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि संस्था का कार्य समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने दिव्यांगजनों तक पहुंचकर उन्हें आधुनिक कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए संस्था और राज्य रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त प्रयासों की प्रशंसा की।

राज्यपाल ने लोगों से ऐसी कल्याणकारी पहलों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए दिव्यांगजनों से कहा कि वे स्वयं को कभी भी असहाय या किसी से कम न समझें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति में अपार क्षमता और शक्ति होती है। दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और उचित सहयोग के बल पर कोई भी व्यक्ति आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जी सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को मिलकर दिव्यांगजनों के लिए समान अवसर, सुगम वातावरण और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करना चाहिए।

इससे पूर्व एक्ट ह्यूमेन की संस्थापक हरलीन कौर ने राज्यपाल का स्वागत किया और संस्था द्वारा संचालित विभिन्न मानवीय गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक्ट ह्यूमेन ने इससे पहले सोलन, कांगड़ा, धर्मशाला और मंडी जिलों में भी कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित कर अनेक दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाए है। संस्था केवल सहायक उपकरण ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सा उपचार के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि संस्था ने हिमाचल प्रदेश में दिव्यांगजन-अनुकूल आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए भी कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। सोलन मॉल रोड स्थित चिल्ड्रन्स पार्क को दिव्यांगजन-अनुकूल पार्क में परिवर्तित किया गया है। इसके अतिरिक्त, शिमला के रानी झांसी पार्क और ब्रॉकहर्स्ट पार्क को भी सुगम एवं व्हीलचेयर-अनुकूल बनाया गया है, जिससे दिव्यांगजन और व्हीलचेयर उपयोगकर्ता सम्मानपूर्वक एवं सहजता से सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों का आनंद ले सकें।

एक्ट ह्यूमेन हिमाचल के प्रबंधक योगेश शर्मा ने भी राज्यपाल को संस्था की प्रदेश में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी उपस्थित थे।

Releated Posts

एसजेवीएन फाउंडेशन ने रामपुर आयुर्वेदिक अस्पताल को दी अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र मशीन

}> सीएसआर पहल के तहत मरीजों को मिलेगी निःशुल्क, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा; शिमला, किन्नौर और कुल्लू…

ByByadmin Jul 17, 2026

5 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी पटियार-घाटड़ू-बैरटीनाला वाया सीतरी जायण संपर्क सड़क

]> सड़क का मंत्री ने किया शिलान्यास ]> लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हरशिंग धार मेले में…

ByByadmin Jul 16, 2026

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री 16 जुलाई को चनावग के हरियाली साजी मेले में करेंगे शिरकत

शिमला : प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह 16 जुलाई, 2026 (वीरवार) को शिमला…

ByByadmin Jul 15, 2026

एनटीपीसी कोलडैम में ‘गर्ल एम्पावरमेंट मिशन-2026’ का शुभारंभ, उपायुक्त राहुल कुमार बोले शिक्षा से ही बदलता है भविष्य

]> जेम अभियान में तीन जिलों के 13 सरकारी स्कूलों की 48 छात्राएं होंगी लाभान्वित कश्मीर ठाकुर /…

ByByadmin Jul 14, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top