• Home
  • हिमाचल
  • धार उत्सव के समापन समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की शिरकत
Image

धार उत्सव के समापन समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की शिरकत

शिमला : जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत धार में नव युवक मंडल धार द्वारा आयोजित “धार उत्सव” ग्रामीण स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह रविवार को आयोजित किया गया। समापन अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने नव युवक मंडल धार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार हैं। खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं।

उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है। इससे निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 रुपये से बढ़ाकर 220 रुपये कर दी है। साथ ही राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने बताया कि ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय, जुब्बल में वॉलीबॉल सहित सात खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खेल छात्रावास के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश मंत्रिमंडल ने हाल ही में विद्यालय हेतु 32 नए पदों को स्वीकृति प्रदान की है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में 11 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें जुब्बल का कन्या खेल छात्रावास सबसे बड़ा संस्थान है। यहां वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन सहित आठ खेलों का प्रशिक्षण आधुनिक सुविधाओं के साथ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चीन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय बालिका वॉलीबॉल टीम में इस छात्रावास की दो छात्राओं का चयन हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र विकास की दृष्टि से एक आदर्श क्षेत्र के रूप में उभरा है। विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं क्रियान्वित की गई हैं तथा अनेक कार्य पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत धार में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। सड़क संपर्क के क्षेत्र में 181 नई सड़कों का निर्माण एवं स्वीकृति ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश सरकार ने उल्लेखनीय सुधार किए हैं। केंद्र सरकार द्वारा कराए जाने वाले विभिन्न सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश को संतोषजनक एवं बेहतर स्थान प्राप्त हुआ है। कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है, जिसके निर्माण हेतु 30 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों के लगभग 9,000 शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा 3,000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

शिक्षा मंत्री ने हाल ही में संपन्न पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में जनता द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास की राजनीति पर विश्वास जताते हुए सकारात्मक सोच का परिचय दिया है, जिसके परिणामस्वरूप विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को विजय प्राप्त हुई।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने नव युवक मंडल धार को प्रोत्साहन स्वरूप 50,000 रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में जुब्बल-नावर-कोटखाई कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा, बीडीसी सदस्य उर्मिला चौहान, ग्राम पंचायत धार के प्रधान अजय सौहटा, उपप्रधान राकेश राणा, तहसीलदार जुब्बल करणवीर सिंह, बीडीओ जुब्बल करण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Releated Posts

एसजेवीएन फाउंडेशन ने रामपुर आयुर्वेदिक अस्पताल को दी अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र मशीन

}> सीएसआर पहल के तहत मरीजों को मिलेगी निःशुल्क, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा; शिमला, किन्नौर और कुल्लू…

ByByadmin Jul 17, 2026

5 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी पटियार-घाटड़ू-बैरटीनाला वाया सीतरी जायण संपर्क सड़क

]> सड़क का मंत्री ने किया शिलान्यास ]> लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हरशिंग धार मेले में…

ByByadmin Jul 16, 2026

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री 16 जुलाई को चनावग के हरियाली साजी मेले में करेंगे शिरकत

शिमला : प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह 16 जुलाई, 2026 (वीरवार) को शिमला…

ByByadmin Jul 15, 2026

एनटीपीसी कोलडैम में ‘गर्ल एम्पावरमेंट मिशन-2026’ का शुभारंभ, उपायुक्त राहुल कुमार बोले शिक्षा से ही बदलता है भविष्य

]> जेम अभियान में तीन जिलों के 13 सरकारी स्कूलों की 48 छात्राएं होंगी लाभान्वित कश्मीर ठाकुर /…

ByByadmin Jul 14, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top