]> फाइनल में शानदार जीत के बाद ऊना में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम
शिमला। सोलन के एमसी हॉल में आयोजित अंडर-11 जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलग और कुठार के वेद व अंशुल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का परिचय देते हुए रियांश और विराज की जोड़ी को 11-08 और 11-06 से पराजित किया। इस जीत के साथ वेद और अंशुल ने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

कोच मदन कौशल ने बताया कि फाइनल मुकाबला कड़ा रहा, लेकिन वेद और अंशुल ने संयम के साथ खेलते हुए निर्णायक बढ़त बनाई और सीधे दो गेम जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस उपलब्धि के साथ दोनों खिलाड़ियों ने ऊना के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली अंडर-11 राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है। अब राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ी जिला स्तर पर किए गए शानदार प्रदर्शन को दोहराने और अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए मैदान में उतरेंगे।
वेद और अंशुल की इस सफलता से बलग और कुठार विद्यालय में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता और कोच मदन कौशल के मार्गदर्शन को दिया। क्षेत्रवासियों ने वेद और अंशुल को जिला स्तरीय खिताब जीतने पर बधाई देते हुए ऊना में होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।














