]> बारिश के साथ बहकर आए पानी और पत्थरों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को पहुंचाया नुकसान, घरों पर भी मंडराया खतरा; स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।
शिमला। राजधानी शिमला के आईएसबीटी स्थित पांजड़ी क्षेत्र में हर साल बरसात लोगों के लिए भारी मुसीबत लेकर आती है। क्षेत्र से गुजरने वाला बरसाती नाला बारिश के दौरान उफान पर आ जाता है, जिससे आसपास के लोगों की जान-माल पर खतरा मंडराने लगता है।
रविवार को हुई बारिश के बाद भी हालात पहले जैसे ही देखने को मिले। तेज बहाव के साथ नाले में आए पानी, मलबे और बड़े-बड़े पत्थरों ने सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। नाले का तेज प्रवाह रिहायशी मकानों के लिए भी खतरा बन गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि नाले की समय पर सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में नुकसान उठाना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नाले की समुचित सफाई, चौड़ीकरण और जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हर साल बरसात के दौरान होने वाले नुकसान से लोगों को राहत मिल सके।















