शिमला। हिमाचल दिवस समारोह 15 अप्रैल, 2026 को ऐतिहासिक रिज मैदान पर हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने आज यहां समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आकर्षक परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शिमला पुलिस, यातायात पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड के अतिरिक्त आपदा मित्र भी शामिल रहेंगे, जिनका पूर्वाभ्यास 11 अप्रैल से आरम्भ होगा। इसी प्रकार, समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं अपनी रंगारंग
प्रस्तुति देंगे।
अनुपम कश्यप ने समारोह स्थल पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, सभी के बैठने की उचित व्यवस्था करने तथा बेहतर सजावट सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी तैयारियां तय समय सीमा तक पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर ने किया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर, उपमण्डल दण्डाधिकारी (शिमला ग्रामीण) मंजीत शर्मा, संयुक्त आयुक्त नगर निगम शिमला डॉ भुवन शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।















