हम मजबूत होकर प्रदेश का सियासी रिवाज बदलेंगे : रश्मिधर सूद

शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आज प्रदेश में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाकर हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। हिमाचल प्रदेश महिला मोर्चा की राज्य अध्यक्ष एवं पर्यटन निगम की उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कांग्रेस पर यह आरोप लगाए हैं। वे शुक्रवार को कोटखाई में महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सफल नेतृत्व में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और महिलाओं के कल्याण के लिए, अनेक योजनाएं चलाई गई हैं। केंद्र व प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रही महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं कर पाई, जो आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व जयराम ठाकुर के नेतृत्व में किया जा रहा है।
रश्मिधर सूद ने कहा कि महिलाएं लगातार सशक्त होकर आगे बढ़ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व व सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए नीतियां बनाकर के आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हम मजबूत होकर प्रदेश का सियासी रिवाज बदलेंगे जिसमें भाजपा रिपीट करेगी और इसमें महिलाओं की अहम भूमिका रहेगी। हिमाचल प्रदेश में विकास के नाम पर फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में आयोजित हो रहे महिला सम्मेलन हमारी ताकत को और बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व को यदि प्रदेश में हो रहा विकास नजर नहीं आ रहा है तो इसका मतलब यह है कि कांग्रेस का नेतृत्व मंदबुद्धिता से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऐतिहासिक विकास के काम डबल इंजन की सरकार में हो रहे हैं। पूर्व प्रत्याशी नीलम सरैईक, जिला सिरमौर प्रभारी अरुण फाल्टा, मण्डल अध्यक्ष उमेश शर्मा, पूर्व प्रदेश आईटी संयोजक चेतन बरागटा भी इस सम्मेलन में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *