नई दिल्ली : केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री जी.के. रेड्डी ने वंदे भारतम् 2.0 के कलाकारों के साथ बातचीत के लिए आज इंदिरा गांधी स्टेडियम का दौरा किया। ये कलाकार कल गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर प्रस्तुति देंगे। इस प्रतियोगिता से चयनित 479 कलाकार गणतंत्र दिवस समारोह- 2023 के अवसर पर ‘नारी शक्ति’ की विषयवस्तु पर पूरे राष्ट्र के सामने अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस अवसर पर जी.के. रेड्डी ने कहा कि इस भव्य परेड के दौरान ‘वंदे भारतम नृत्य महोत्सव’ प्रतियोगिता के तहत चयनित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे और पूरे विश्व को भारत की विविध सांस्कृतिक व कलात्मक विरासत से परिचित कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम एक भारत- श्रेष्ठ भारत का एक महान और जीवंत उदाहरण है। मंत्री ने प्रतिभागियों से भविष्य के संस्करणों को लेकर वंदे भारतम नृत्य प्रतियोगिता की बेहतरी के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए भी कहा।
इस साल कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय स्तर के गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय की रंगीन झांकी प्रदर्शित की जाएगी। इससे पहले संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने इस विषय पर मीडिया को जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि इस गणतंत्र दिवस पर संस्कृति मंत्रालय की झांकी का शीर्षक ‘शक्ति रूपेण संस्थिता’ है, जो देवी के ‘शक्ति’ स्वरूप पर आधारित है। उन्होंने बताया कि इस झांकी के जरिए देवी की उपासना से संबंधित कई लोकनृत्यों को एक मंच पर लाया गया है।
इसके अलावा सचिव ने यह भी बताया कि संस्कृति मंत्रालय ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की विषयवस्तु का उत्सव मनाने के लिए वंदे भारतम् का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि इसके जरिए देशभर से “नारी शक्ति” की विषयवस्तु पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर प्रदर्शन करने के लिए नर्तकियों का चयन किया गया है। गोविंद मोहन ने यह भी बताया कि प्रदर्शन के लिए संगीत को राजा भवतारिणी और आलोकनंदा दास गुप्ता ने तैयार किया है और उनकी रचना हिंदुस्तानी, कर्नाटक तथा समकालीन जैज घटकों से संपन्न है।