राज्य स्तरीय महिला दिवस पीटरहॉफ में 8 मार्च को मनाया जाएगा

शिमला : निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग राखिल काहलो ने आज यहां अपने कार्यालय कक्ष में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन के संदर्भ में बैठक ली। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय महिला दिवस का आयोजन पीटरहॉफ में 08 मार्च, 2022 को किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां एवं विकासात्मक गतिविधियों पर आधारित स्टॉल भी स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नाबार्ड, खादी एवं विकास बोर्ड द्वारा विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा महिला सशक्तिकरण संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री भी आबंटित की जाएगी, ताकि प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाया जा सके और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव हो सके।
उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा विभिन्न मनोरंजन गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा तथा आत्मरक्षा के गुर बताए जाएंगे। उन्होंने विभिन्न विभागों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के सफल आयोजन के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया, ताकि वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में चलाई जा रही सर्वस्पर्शी योजनाओं का सफल बखान संभव हो सके। निदेशक महिला एवं बाल विकास ने प्रदेश की महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़ कर भाग लें और विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग एकता काप्टा व अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।