Categories

प्रदेश सरकार हिमाचल को देश का श्रेष्ठ औद्योगिक हब बनाने के लिए कृत संकल्प : राम सुभाग सिंह

सोलन : प्रदेश के मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य को देश का श्रेष्ठ औद्योगिक हब बनाने के लिए कृत संकल्प है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी स्तरों पर योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। राम सुभाग सिंह गत सायं सोलन जिला के परवाणू में भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की हिमाचल प्रदेश की इकाई के साथ आयोजित विचार-विमर्श सत्र को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने इस अवसर पर सीआईआई की विभिन्न समस्याओं को सुना और इन्हें समयबद्ध सीमा में सुलझाने के लिए उचित दिशा निर्देश जारी किए। राम सुभाग सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए विभिन्न प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। यह भी सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि प्रदेश के सोलन जि़ला के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ और परवाणू, ऊना जि़ला के टाहलीवाल, मेहतपुर तथा गगरेट, सिरमौर जि़ला के काला अंब एवं पांवटा साहिब, कांगड़ा जि़ला के डमटाल सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को स्तरोन्नत किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि परवाणू, हिमाचल का प्रवेश द्वार होने के साथ-साथ राज्य का सबसे पुराना औद्योगिक क्षेत्र भी है। यहां उद्यमियों को और अधिक सुविधाएं प्रदान करने तथा मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राम सुभाग सिंह ने कहा कि चण्डीगढ़-बद्दी रेल मार्ग के कार्य को समयबद्ध पूर्ण करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। हरियाणा तथा हिमाचल राज्यों में इस रेल लाईन के निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इस रेल लाईन के निर्माण से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी तथा हिमाचल का बड़ा औद्योगिक क्षेत्र कोलकाता-अमृतसर-फ्राईट कॉरीडोर से जुड़ जाएगा। इससे यहां तैयार उत्पाद शीघ्रता से अपने गंतव्य स्थलों तक पहुंचेंगे। मुख्य सचिव ने कहा कि पिंजौर-नालागढ़ राष्ट्रीय उच्च मार्ग के फोरलेन कार्य में हरियाणा राज्य में गति लाने के लिए मामला हरियाणा के मुख्य सचिव से उठाया जाएगा। उन्होंने उद्योगपतियों को विश्वास दिलाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार उद्योग जगत को बेहतरीन सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में भारतीय उद्योग परिसंघ हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष सुबोध गुप्ता ने मुख्य सचिव को उद्योग जगत की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने औद्योगिक विकास योजना, विद्युत विभाग द्वारा लगाए जाने वाले अघोषित कट, हिमाचल प्रदेश औद्योगिक नीति-2019, प्रदेश के औद्योगिक शहरों में आवासीय एवं मनोरंजन सुविधाएं, यातायात का बढ़ता दवाब, क्षेत्र में रेल सम्पर्क सुविधा सहित अन्य समस्याओं की जानकारी दी।
उन्होंने उद्योग जगत को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और मुख्य सचिव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर सदैव उद्योग जगत को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने एवं उनकी मांगें सुलझाने के लिए संवेदनशील रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने परवाणू औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए न केवल बजट में प्रावधान किया अपितु हाल ही में अपने प्रवास के दौरान ग्रेटर परवाणू औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से बीबीएन एवं परवाणू औद्योगिक क्षेत्रों सहित सभी औद्योगिक क्षेत्रों को लाभ मिला है।
उन्होंने हिमाचल में औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं सुलझाने एवं उद्योग जगत को बेहतर अधोसंरचना प्रदान करने की दिशा में सदैव मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए मुख्य सचिव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव ने आज भी पंचकुला के लिए वैकल्पिक मार्ग की दिशा में शीघ्र कार्य करने के सोलन प्रशासन को निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन जफ़ऱ इकबाल, उपमण्डलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव धीमान, प्रदेश भारतीय उद्योग परिसंघ के उपाध्यक्ष गगन कपूर, निदेशक आदित्य अग्निहोत्री सहित भारतीय उद्योग परिसंघ के सदस्य एवं अन्य उद्योगपति उपस्थित थे।